Thursday, February 13, 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका पहुंचे, अहम मुद्दों पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से वार्ता संभव

 


भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा खत्म करने के बाद कल देर रात अमेरिका पहुंच गए हैं, जहां पर वो डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार मुलाकात करने वाले हैं। पीएम मोदी ने वॉशिंगटन पहुंचने के बाद एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि कुछ समय पहले ही वॉशिंगटन डीसी पहुंचा हूं। इस दौरान मैं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलूंगा। भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए काम करूंगा। इसके लिए काफी उत्सुक हूं।


विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस यात्रा की जानकारी दी और इसे दोनों देशों के बीच संबंधों में महत्वपूर्ण कदम बताया। मंत्रालय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी कैबिनेट के सदस्यों और उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी जब राष्ट्रपति ट्रंप से मिलेंगे तो वह नए अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलने वाले दुनिया के तीसरे नेता होंगे। ट्रंप के शपथग्रहण के केवल एक महीने के भीतर भारत-अमेरिका के शीर्ष नेताओं की मुलाकात दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों की महत्ता को दर्शाती है।


इस यात्रा के दौरान भारतीय अप्रवासियों से संबंधित मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाने की उम्मीद है। अमेरिका ने हाल ही में 104 अवैध भारतीय अप्रवासियों को वापस भेजा है और 800 से अधिक और लोगों को निर्वासित किए जाने की संभावना है। भारत सरकार ने अमेरिका में अपने नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार पर चिंता जताई है और अमेरिका से मानवीय व्यवहार की उम्मीद की है। वर्तमान में अमेरिका में लगभग 7.25 लाख अप्रवासी भारतीय रहते हैं, जिनमें से लगभग 20,000 को निर्वासन के लिए चिह्नित किया गया है।  मोदी की इस यात्रा से उम्मीद की जा रही है कि अप्रवासियों के लिए कानूनी चैनल को और स्पष्ट किया जाएगा ताकि भारतीय नागरिक अध्ययन, काम, और पर्यटन के लिए अमेरिका की यात्रा कर सकें।


भारत और अमेरिका के बीच व्यापार संबंध भी इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण पहलू हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर "टैरिफ किंग" होने का आरोप लगाया है और दोनों देशों के बीच व्यापार शुल्क पर विवाद उत्पन्न हो चुका है। ट्रंप प्रशासन ने एल्यूमीनियम और स्टील पर 25 फीसदी टैरिफ लागू किया है, जिससे भारतीय कंपनियों पर भारी प्रभाव पड़ा है। भारतीय कंपनियां अमेरिकी स्टील बाजार में अपने अस्तित्व को लेकर चिंतित हैं। मोदी इस मुद्दे पर बातचीत करने की योजना बना रहे हैं।

Tuesday, March 22, 2022

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बॉलीवुड फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की टीम से मुलाकात की.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बॉलीवुड फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की टीम से मुलाकात की. योगी ने फिल्म की जमकर तारीफ की और टीम को यह फिल्म बनाने के लिए बधाई दी. यूपी के सीएम ने कहा कि यह फिल्म समाज और देश को जागरूक करने का काम करेगी. यह फिल्म यूपी में पहले ही टैक्स फ्री कर दी गई है और फिल्म पूरे देश में जमकर सुर्खियां बटोर रही है. कश्मीरी पंडितों के साथ 1990 में हुई घटनाओं के आधार पर बनाई गई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपर हिट साबित हुई है.

Wednesday, October 31, 2018

आगरा में निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा हिस्सा गिरा।

निर्माण में लापरवाही का एक बड़ा नमूना आज आगरा में देखने को मिला जब यमुना नदी पर काफी समय से निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।
यह पुल नैशनल हाइवे नम्बर दो के चौड़ीकरण का हिस्सा है। दिल्ली से आगरा को पार करता हुआ नैशनल हाइवे नम्बर 2 आगरा में जहाँ यमुना नदी को पार करता है, वहाँ २ पुराने पुल पहले से बने हुए है जिनमे एक पुल सिंगल लेन व दूसरा पुल २ लेन है। पूरे हाइवे को छह लेन करने के इस बड़े प्रोजेक्ट में आगरा के वॉटरवर्क्स पर बन रहा यह पुल लगभग 360 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा था। आज दोपहर इस पुल के सपोर्ट स्ट्रक्चर में कमी की वजह से एक खम्बा भरभरा कर गिर गया व तीन बड़े गरडर धसक गए। गनीमत यह रही के उस वक़्त सभी कर्मचारी व लबेर लंच के लिए साइट से अलग थे अन्यथा इस घटना का अंजाम अति भयंकर हो सकता था। फ़िलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
हाइवे होने की वजह से यहाँ भारी जाम की स्तिथि बनी हुई है।



Monday, May 14, 2018

आंधी तूफान से बचाव

#जरूरी_सूचना

जब आंधी-तूफान आए तो खुद को इन 8 तरीकों से बचाएं

उत्तर भारत को परेशान करने वाली मौसम संबंधी चिंताओं की लिस्ट में अब एक नया नाम जुड़ गया है. धूल भरी आंधियां और तूफान.

लेकिन इससे भी ज्यादा चिंता की बात ये है ये आंधी तूफान का सिलसिला अभी खत्म नहीं हुआ है. रिपोर्ट के अनुसार, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में प्रभावित क्षेत्रों में तेज हवाओं और धूल भरे तूफान का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. मअगर ऐसे तूफान फिर से आए तो क्या करना चाहिए? फेसबुक पर खुद को सेफ बताने के अलावा भी कई चीजें हैं जिसकी तैयारी कर लेनी चाहिए. फेसबुक आपको बचाए न बचाए ये उपाय आपको जरुर सुरक्षित रख सकते हैं.

तो जानिए वो 8 उपाय जो तेज आंधी तूफान के समय हमें सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं-

1. उत्तर भारत के लोगों के पास ठंड के समय का खरीदा हुआ मास्क जरुर पड़ा होगा. अगर आपके पास मास्क है या फिर नहीं है तो खरीद लें और इनका उपयोग करें. ये मास्क आपको धूल से बचाते हैं.

2. अगर आपके पास मास्क नहीं है और धूल भरे तूफान में फंस गए हैं तो सबसे पहले शरीर के उस हिस्से को बचाइए जो सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है: आंखें, नाक, कान और मुंह को ढंक लें. अपने चेहरे को ढंकने के लिए आपके पास जो भी कपड़ा मौजूद है उसका इस्तेमाल करें और धूल को सांस के साथ अंदर लेने से बचें. आपकी त्वचा तो धूल को बर्दाश्त कर सकती है लेकिन इसे सांस के साथ अंदर लेना खतरनाक है.
धूल आपकी आंखों को भी नुकसान पहुंचा सकता है और चाहे जैसे भी हो आप इन्हें बचाएं. इसलिए आपको अपने साथ चश्मा या फिर गॉगल जरुर रखना चाहिए.

3. कहीं भी छुपने की जगह खोजें. और अगर छुपने की जगह न मिले तो जिधर से आंधी आ रही है उसी दिशा में झुककर खड़े हो जाएं. इससे आप सीधा धूल के संपर्क में आने से बच जाएंगे.

4. अगर तूफान आने के वक्त आप गाड़ी चला रहे हैं, तो एक सुरक्षित जगह पर रुक जाएं और तूफान के शांत होने या निकल जाने की प्रतीक्षा करें. धूल भरे तूफान सड़क पर दृश्यता को बहुत बुरी तरह प्रभावित करते हैं जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. साथ ही गाड़ी की खिड़की बंद रखें.

5. किसी मजबूत दीवार के पीछे छुप जाएं. उच्च तीव्रता से चलने वाली हवाओं में इतनी ताकत होती है कि वो भारी वस्तुओं को अपने साथ लेकर चली जा सकती हैं. धूल या रेत से तो आपकी त्वचा को चोट नहीं पहुंचेगी, लेकिन अगर किसी पत्थर या चट्टान से टकरा गए तो?

6. अगर आप अस्थमा यानी दमा के मरीज हैं, या फिर आपको धूल से एलर्जी है, तो अपने इनहेलर और दवाओं के बगैर कभी भी बाहर न जाएं.

7. अगर धूल आपकी आंखों में चली गई है तो उन्हें रगड़ें नहीं. इससे आपकी आंखों को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है.

8. और आखिरी लेकिन बहुत ही जरुरी बात- पानी हमेशा पीते रहें, और जहां भी जाएं साथ में पानी जरुर रखें. अगर तूफान में फंस गए तो पानी बहुत जरुरी हो जाता है.
🙏🙏🙏 अधिक से अधिक शेयर करें  🙏🙏🙏

Friday, September 30, 2011

संजय प्लेस की दयनीय स्थिति

संजय प्लेस में क्लोथ मार्केट और शू मार्केट और एम्पोरियम ब्लाक की शिफ्टिंग कब तक पूरी होगी. क्लोथ मार्केट और शू मार्केट की ९० फीसदी दुकाने बंद पड़ी हैं. शायद असामाजिक तत्वों ने वहां अपना अड्डा बना रखा है.  मैं कई सालों से देख रहा हूँ की चलो अपने आप ये मार्केट आबाद हो जाएंगे लेकिन बदकिस्मती से ऐसा नहीं हुआ. आखिर कब तक प्रशासन इंतजार करेगा. या तो मार्केट को शिफ्ट करने के लिए कोई कड़ी कार्यवाही की जाये या फिर मार्केट सभी प्रकार के व्यवसाय के लिए खोल दिया जाये. आखिर वहां कोई दुकान तो  खुले फिर शायद गुंडे बदमाश वहां बैठ कर लूट इत्यादि कई प्लानिंग तो नहीं बना सकेंगे. जिला प्रशासन के फेसबुक पर कोई शिकायत करो तो वे केवल शिकायत को सम्बंधित विभाग को स्थानांतरित कर देते हैं. उसके बाद उनकी जवाबदेही ख़त्म हो जाती है. शहीद स्मारक से महात्मा गाँधी मार्ग की ओर जाने वाले रस्ते में जो बगीचा बना हुआ हे उसके बारे में लिखा था तो वो नगर निगम को ट्रान्सफर कर दिया और नगर निगम उसके विकास के लिए कुछ नहीं करना चाहता है. एम्पोरियम ब्लाक के बारे में लिखा था तो आगरा विकास प्राधिकरण ने एक रेस्टोरेंट को notice  भेज कर अपनी इती श्री कर ली उसके बाद उन्हें भी कोई मतलब नहीं है. मैंने सभी मीडिया बंधुओं से भी अपील करी कि वे लोग अपने -२ समाचार पत्रों में इसके बारे में लिखें लेकिन शायद मीडिया को भी इस मुद्दे में कोई दिलचस्पी नहीं है . मेरा किसी से कोई बैर नहीं है मैं तो बस ये चाहता हूँ कि संजय प्लेस जिस परिकल्पना के तहत बसाया गया है उसे पूरा किया जाये. इस समय हमारे डी ई जी साहब और डी एम सर यदि चाहे तो संजय प्लेस आगरा शहर के लिए एक मिसाल बन सकता है. कृपया करके एक बार सख्ती से इसके लिए प्रयास करिए मुझे आशा है कि संजय प्लेस आगरा शहर का आदर्श व्यापारिक स्थल जरूर बनेगा.